कैमरे बंद, अनधिकृत प्रवेश पर कोई कार्रवाई तय नहीं
छिंदवाड़ा (लगी क्या) – जिले की हवाई पट्टी पर सुरक्षा के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है। आश्चर्य की बात यह है कि जहां यह क्षेत्र पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है, वहीं इसके अधिकारी नियमों और प्रक्रियाओं से पूरी तरह अनजान नजर आ रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व सांसद जैसे विशिष्ट जनप्रतिनिधियों का विशेष विमान इस हवाई पट्टी पर अक्सर उतरता है, बावजूद इसके सुरक्षा मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। हालात यह हैं कि हवाई पट्टी परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं और प्रवेश द्वार पर कोई सुरक्षा कर्मी तक मौजूद नहीं रहता।
हाल ही में लगभग 9 युवक-युवतियों का एक समूह हवाई पट्टी के अंदर घुस गया और वहाँ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
जब इस संबंध में पीडब्ल्यूडी अधिकारी खरे साहब से पूछा गया कि बिना अनुमति किसी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर क्या कार्रवाई की जाती है, तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। अधिकारी खरे शिकायत दर्ज कराने से भी बचते नजर आए और पूरे मामले को नजरअंदाज करते रहे।
अब सवाल यह उठता है कि जब विशिष्ट व्यक्ति यहां उतरते हैं, तो प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी क्या नहीं बनती कि वह हवाई पट्टी की सुरक्षा को सुनिश्चित करें? आखिर कोई बड़ा हादसा हो जाने पर जिम्मेदारी कौन लेगा?
जरा हट के…
प्रवीण काटकर
9424300567



