Home FOREST धन वर्षा की लालच में जंगल के राजा का शिकार !

धन वर्षा की लालच में जंगल के राजा का शिकार !

खाल-खोपड़ी सहित चार तस्कर गिरफ्तार

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। वन विभाग को वन्यप्राणि तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पूर्व हर्रई क्षेत्र के जमुनिया गांव में दबिश देकर वन अमले ने बाघ के अवशेषों की अवैध तस्करी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बाघ की एक खाल, एक खोपड़ी और नाखूनों सहित चार पंजे बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 7 जून को वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जमुनिया गांव में कुछ लोग राष्ट्रीय पशु बाघ के अंगों की खरीद-फरोख्त और सौदेबाजी में लगे हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वन संरक्षक कमल अरोरा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। छिंदवाड़ा एसडीओ अनादि बुधौलिया और सावरी रेंजर कीर्ति बाला गुप्ता के नेतृत्व में वन अमले ने गांव में घेराबंदी कर दबिश दी।
वन विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद  आरोपियों को रंगे हाथ पकडा, तलाशी ली, जिसमें उनके पास से बाघ की खाल, खोपड़ी और चार पंजे बरामद हुए। बरामद सामग्री को वन विभाग ने जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम की विभिन्न गंभीर और गैर-जमानती धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
वन अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बाघ का शिकार कहां किया गया, अवशेष कहां से लाए गए तथा इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। वन विभाग का मानना है कि पूछताछ में वन्यजीव तस्करी से जुड़े बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।
इस कार्रवाई को वन विभाग की हाल के वर्षों की महत्वपूर्ण सफलताओं में माना जा रहा है। विभाग ने कार्रवाई में शामिल सावरी परिक्षेत्र के अधिकारियों, वनरक्षकों और अन्य कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनकी सतर्कता और तत्परता को सफलता का प्रमुख कारण बताया है।

नरसिंहपुर जिले के जंगल में शिकार-
इस मामले में विभागीय जानकारी के अनुसार नरसिंहपुर जिले के करेली रेंज से लगे हुए जंगल में आदतन अपराधी के रूप में पहचान रखने वाले आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बाघ का शिकार किया। शिकार के बाद धन वर्षा के नाम पर बाघ के अवशेषों को जिले की सीमा से लगे गांव में लाकर उसे बेचने की योजना तैयार की जा रही थी कि तभी आरोपियों को एसडीओ श्री बुधौलिया के मार्गदर्शन में गिरफ्तार कर लिया गया।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567