शिकायत के बाद साथी वनरक्षक का हुआ तबादला… फिर कार्यालय में गूंजा ‘तू-तू मैं-मैं’
छिंदवाड़ा (लगी क्या)। उत्पादन वन मंडल में कथित तौर पर लाखों रुपये के खेल और विभागीय अनियमितताओं को लेकर चर्चाओं में रहे दो वनरक्षकों की जोड़ी आखिरकार टूट गई। शिकायतें और मीडिया में लगातार सुर्खियां बनने के बावजूद कार्रवाई का असर केवल एक वनरक्षक पर दिखाई दिया, जबकि दूसरे को विभागीय गलियारों में डीएफओ का खासमखास होने का ईनाम मिलने की चर्चा जोरों पर है।
बताया जा रहा है कि बिछुआ रेंज में पदस्थ एक और दूसरा उत्पादन वन मंडल कार्यालय में पदस्थ दोनों वनरक्षकों पर विभाग और शासन को लाखों रुपये का चूना लगाने के संगीन आरोप लगे हैं। मामले की शिकायतें भी हुईं और कई बार उनके कारनामे चर्चा का विषय बने। इसके बावजूद हाल ही में हुई कार्रवाई में एक वनरक्षक का तबादला कर दिया गया, जबकि दूसरे वनरक्षक पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, तबादले की जानकारी मिलते ही मंगलवार की दोपहर में नाराज वनरक्षक और डीएफओ के करीबी बताए जा रहे दूसरे वनरक्षक के बीच उत्पादन वन मंडल कार्यालय में जमकर कहासुनी हुई। दोनों के बीच हुई ‘तू-तू मैं-मैं’ ने विभागीय कर्मचारियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बताया जाता है कि विवाद के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर किए गए कई कारनामों का भी जिक्र किया। जिससे कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
दिनभर विभागीय गलियारों में यही चर्चा रही कि शिकायतों और आरोपों के बावजूद आखिर एक पर ही कार्रवाई क्यों हुई, जबकि दूसरे को कथित तौर पर ‘चहेता’ होने का ईनाम मिल गया। अब कर्मचारियों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि दोनों मामलों में साथ थे, तो कार्रवाई का पैमाना अलग-अलग क्यों अपनाया गया।
जरा हट के…
प्रवीण काटकर
9424300567





