Home CITY NEWS कृष्णा हॉस्पिटल को स्वास्थ्य विभाग की अंतिम चेतावनी

कृष्णा हॉस्पिटल को स्वास्थ्य विभाग की अंतिम चेतावनी

वार्ड में भर्ती मरीजों को करें शिफ्ट या दें छुट्टी, नए मरीजों की भर्ती पर रोक

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। लंबे समय से नियमों की अनदेखी और स्वास्थ्य विभाग की उदारता का लाभ ले रहे कृष्णा हॉस्पिटल पर अब सख्ती बरती गई है। विभाग ने आखिरकार अंतिम चेतावनी देते हुए अस्पताल को नोटिस जारी किया है, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वार्ड में भर्ती सभी मरीजों को तय समय सीमा के भीतर अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया जाए या उन्हें डिस्चार्ज किया जाए। इसके साथ ही नए मरीजों की भर्ती पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने को भी कहा गया है।

लगातार अनियमितताओं के बाद कार्रवाई
अस्पताल पर पहले भी कई बार नियमों के उल्लंघन के आरोप लग चुके हैं। करीब छह महीने से अस्पताल के संचालन को लेकर शिकायतें सामने आ रही थीं, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई गई। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में संसाधनों की कमी, योग्य स्टाफ की अनुपलब्धता और अन्य गंभीर खामियों को लेकर कई बार निरीक्षण हुआ, पर कार्रवाई टलती रही।

प्रबंधन पर नोटिसों का नहीं पड़ा असर
जानकारों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने अब तक विभाग द्वारा जारी किसी भी निर्देश या नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया। नियमों को दरकिनार कर निजी हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। विभाग की कई चेतावनियों के बावजूद अस्पताल की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं देखा गया।

क्या किसी बड़ी घटना का इंतजार ?
स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तब तक कार्रवाई से बचते रहे जब तक कोई गंभीर घटना न हो जाए। कुछ का यह भी कहना है कि विभाग की यह ढिलाई अस्पताल में किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने जैसी है, जो न केवल मानवता के खिलाफ है बल्कि प्रशासन की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े करती है।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567