Home CITY NEWS झोलाछाप ने ली जान ! दो इंजेक्शन के बाद बिगड़ी महिला की...

झोलाछाप ने ली जान ! दो इंजेक्शन के बाद बिगड़ी महिला की हालत, इलाज के दौरान मौत

बिना डिग्री-रजिस्ट्रेशन चला रहे थे इलाज का खेल, पुलिस जांच में खुलासा, दोनों आरोपी गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। हर्रई में कथित झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा इलाज के नाम पर की गई लापरवाही ने एक महिला की जान ले ली। पुलिस के अनुसार, बिना चिकित्सकीय शिक्षा और वैध पंजीयन के मरीज का इलाज कर रहे आरोपियों ने महिला को जबरदस्ती इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बखौरी निवासी आरती साहू (43) को बीमार पड़ने पर परिजन इलाज के लिए हर्रई स्थित महाराजा मार्केट में डॉ. राजेश सिन्हा के क्लीनिक ले गए थे। आरोप है कि इसी दौरान डॉ. राजेश सिन्हा के भाई ज्योति प्रकाश मंडल उर्फ काली ने फोन पर डॉक्टर से बात कर आरती साहू को दो इंजेक्शन लगाने की बात कही। इंजेक्शन लगाए जाने के बाद मरीज की तबीयत और बिगड़ गई।
हालत गंभीर होने पर परिजन आरती को शासकीय अस्पताल हर्रई लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई।

न डिग्री, न रजिस्ट्रेशन, फिर भी कर रहे थे इलाज! –

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राजेश सिन्हा और ज्योति प्रकाश मंडल उर्फ काली के पास चिकित्सकीय शिक्षा का प्रमाण-पत्र, डिग्री/डिप्लोमा और चिकित्सा व्यवसाय के लिए आवश्यक पंजीयन नहीं था। इसके बावजूद दोनों द्वारा मरीज का उपचार किया जा रहा था और दवाइयां व इंजेक्शन लगाए जा रहे थे।
पुलिस ने जांच के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 105(3) बीएनएस एवं म.प्र. आयुर्विज्ञान परिषद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।

11 सितंबर को गिरफ्तारी, अब जेल में दोनों आरोपी –

पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की और 11 सितंबर 2026 को राजेश सिन्हा एवं ज्योति प्रकाश मंडल उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

महिला की मौत ने हर्रई में झोलाछाप इलाज के उस खतरनाक खेल और स्वास्थ विभाग की जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसमें बिना योग्यता और पंजीयन के मरीजों की जिंदगी से कथित तौर पर खिलवाड़ किया जा रहा था।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567