प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि लेने के बाद भी नहीं बनाए पक्के मकान, तहसीलदार ने जारी किए आरआरसी
छिंदवाड़ा (लगी क्या)। नगर निगम छिंदवाड़ा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) बीएलसी घटक के अंतर्गत राशि प्राप्त करने के बावजूद मकान निर्माण न करने वाले हितग्राहियों पर सख्त कदम उठाया है।
नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने बताया कि योजना का लाभ लेने वाले कुल 209 हितग्राहियों ने अब तक पक्का मकान नहीं बनाया। निगम द्वारा इन हितग्राहियों को बार-बार नोटिस और समझाइश दी गई, लेकिन कार्रवाई के बाद भी निर्माण कार्य नहीं हुआ।
इसी क्रम में शुक्रवार को 106 हितग्राहियों पर बड़ी कार्यवाही की गई। तहसीलदार के माध्यम से इनके खिलाफ राजस्व रिकवरी प्रमाणपत्र (आरआरसी) जारी कर दिया गया है। अब इनसे राशि की वसूली की जाएगी। वसूली प्रक्रिया के दौरान उनकी चल-अचल संपत्तियों को कुर्क कर नीलाम किया जा सकता है।
आयुक्त श्री राय ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शेष हितग्राही यदि निर्धारित समय सीमा में मकान निर्माण पूरा नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जरा हट के…
प्रवीण काटकर
9424300567





