नाले में उतरी मौत, छिंदी रेंज में मिला तेंदुए का शव
चिकित्सक ने PM में हार्ट अटैक या टीबी का जताया संदेह
छिंदवाड़ा (लगी क्या)। जंगल की शांति उस वक्त सन्नाटे में बदल गई, जब छिंदी रेंज के मुड़कुम ढाना बीट के कक्ष क्रमांक 756 में नाले के भीतर नर तेंदुए का शव उतराता हुआ मिला। ग्रामीणों और चरवाहों की नजर पड़ते ही वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे वनाधिकारियों में हड़कंप मच गया।
वन अमले की मौजूदगी में पशु चिकित्सक द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। प्रारंभिक जांच में किसी तरह के बाहरी घाव या शिकार के निशान नहीं मिले। पीएम के दौरान मिले लक्षणों के आधार पर डॉक्टर ने तेंदुए की मौत हार्ट अटैक या टीबी जैसी गंभीर बीमारी से होने की आशंका जताई है। विसरा सुरक्षित कर आगे की जांच के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
एसडीओ अनादि बुधौलिया ने बताया कि मृत तेंदुआ वयस्क नर जिसकी उम्र करीब 8 साल थी, जो क्षेत्र में लंबे समय से विचरण कर रहा था। अचानक हुई इस मौत ने वन विभाग को भी चिंता में डाल दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बीमारी से मौत की पुष्टि होती है, तो यह जंगल में अन्य वन्य प्राणियों के लिए भी खतरे की घंटी साबित हो सकती है।
घटना के बाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। आसपास के बीट में गश्त तेज कर अन्य वन्य जीवों की गतिविधियों और स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। एसडीओ श्री बुधौलिया का कहना है कि जांच और पी एम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
जरा हट के…
प्रवीण काटकर
9424300567





