Home CITY NEWS खनिज निरीक्षक के वाहन चालक की पिटाई, अवैध वसूली के आरोप में...

खनिज निरीक्षक के वाहन चालक की पिटाई, अवैध वसूली के आरोप में बवाल !

पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप, विभाग में मचा हड़कंप

छिंदवाड़ा। (लगी क्या)। खनिज विभाग में पदस्थ एक खनिज निरीक्षक के नजदीकी प्राइवेट वाहन चालक की अवैध वसूली को लेकर सरेआम पिटाई कर दी गई। यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि सूत्रों के अनुसार आरोपी चालक लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त था।

विभागीय जानकारी के मुताबिक, वाहन चालक पवन खनिज निरीक्षक के नाम और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए कथित तौर पर रेत, गिट्टी और अन्य खनिज परिवहन से अवैध वसूली में लिप्त होने की शिकायत आए दिन सामने आती रही है।इसी के चलते क्षेत्र में व्यवसायियों और ट्रांसपोर्टरों में नाराजगी बढ़ रही थी।

सूत्रों ने बताया कि इससे पहले भी चालक पर गंभीर आरोप लग चुके हैं, लेकिन विभागीय संरक्षण के चलते कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। इस बार जब मामला हद से पार हुआ, तो कुछ लोगों ने आक्रोश में आकर चालक की घर के पास स्थित रेलवे क्रासिंग के पास सार्वजनिक पिटाई कर दी। मामला चौरई में रेत का वाहन पकड़ने का बताया जा रहा है। जिसमें वाहन जब्त होने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है, और उच्चाधिकारियों की निगाहें अब खनिज निरीक्षको की भूमिका पर भी टिक गई हैं। हालांकि, इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।

प्रश्नचिह्न खड़ा करता है प्रशासनिक मौन-

इस घटना ने प्रशासनिक स्तर पर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सरकारी विभागों में पदस्थ अधिकारी किस तरह अपने कर्मचारियों और प्राइवेट सहयोगियों के माध्यम से जनहित को नजर अंदाज कर निजी लाभ ले रहे हैं।

इनका कहना है।
खनिज निरीक्षक के प्राइवेट वाहन के चालक पवन के साथ मारपीट हुई है। इस बात की शिकायत हुई है। जिसको जांच में लिया गया है।

गोविंद राजपूत, टी आई, देहात थाना,