Home CITY NEWS संतोष के संरक्षण में चला सरकारी जमीन का खेल !

संतोष के संरक्षण में चला सरकारी जमीन का खेल !

अब घर बैठकर विकास के साथ बना रहा रणनीति, खरीदारों पर बनाया जा रहा दबाव

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। लहगडुआ (झंडा) की सरकारी पहाड़ी को अवैध तरीके से प्लॉट काटकर बेचने का मामला अब धीरे-धीरे परतें खोलने लगा है। इस पूरे खेल में सत्ता से जुड़े एक स्थानीय चेहरे संतोष का नाम सामने आ रहा है, जिसे इस अवैध सौदे का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। आरोप है कि संतोष ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए विकास के माध्यम से सरकारी पहाड़ी को टुकड़ों में बांटकर लोगों को बेच दिया।
सूत्रों की मानें तो यह पूरा खेल सुनियोजित तरीके से रचा गया था। पहले सरकारी जमीन को निशाना बनाया गया, फिर उसे निजी जमीन बताकर प्लॉटिंग की गई और भोले-भाले लोगों को बेच दिया गया। अब जब मामला प्रशासन तक पहुंच चुका है और जांच की आंच तेज हो रही है, तो कथित मास्टरमाइंड बचाव की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
बताया जा रहा है कि इन दिनों रोजाना संतोष के घर बैठकों का दौर चल रहा है, जहां पूरे मामले को दबाने और कानूनी कार्रवाई से बचने की प्लानिंग बनाई जा रही है। इतना ही नहीं, सूत्र यह भी बता रहे हैं कि जिन लोगों ने प्लॉट खरीदे हैं, उन पर भी अलग-अलग तरीके से दबाव बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है ताकि वे खुलकर सामने न आएं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो जाए तो सरकारी जमीन की बंदरबांट का बड़ा खुलासा हो सकता है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस अवैध सौदेबाजी पर कितनी सख्ती दिखाता है या फिर सत्ता के संरक्षण में यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567