Home CITY NEWS सत्ता की छत्रछाया में सरकारी पहाड़ी का सौदा !

सत्ता की छत्रछाया में सरकारी पहाड़ी का सौदा !

खुलासा होते ही विकास का नया षडयंत्र, बोला – “कार्यवाही से मुझे बचाओ और पैसे ले लो”

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। शहर के वार्ड नंबर 9 लहगडुआ की सरकारी पहाड़ी पर अवैध प्लॉट बेचने का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। सरकारी जमीन पर प्लॉट काटकर लोगों से लाखों रुपये वसूलने वाला कथित मास्टरमाइंड विकास अब खुद को बचाने के लिए नया षड्यंत्र रच रहा है। जानकारी के मुताबिक विकास खरीदारों को पैसे लौटाने का झांसा देकर उनसे प्रशासन के सामने अपने पक्ष में बयान देने की गुहार लगा रहा है।
सूत्रों के अनुसार सत्ता के संरक्षण में एक नेताजी के इशारे पर विकास ने कुछ प्लॉट खरीदारों से कहा है कि यदि वे प्रशासन के सामने उसका बचाव करेंगे तो वह उन्हें उनका पैसा वापस कर देगा या फिर आने वाले समय में दूसरी जगह जमीन का पट्टा दिला देगा। इस पूरे खेल को लेकर अब प्रशासन भी सतर्क हो गया है और मामले के असली मास्टरमाइंड की तलाश तेज कर दी गई है।
दरअसल नगर निगम के वार्ड नंबर 9 स्थित सरकारी पहाड़ी पर भूमाफियाओं ने करीब 100 से अधिक लोगों को अवैध रूप से प्लॉट बेच दिए थे। शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को ध्वस्त किया था। इसके बाद से ही इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे कौन है, इसकी जांच की जा रही है। जांच में विकास, विनेश, संतोष और एक महिला का नाम सामने आ रहा है।

खरीदारों को लौटाए 50-50 हजार रुपए –

सूत्रों की मानें तो सत्ता की छत्रछाया में चूर विकास ने खुद को बचाने की कोशिश में कुछ खरीदारों को 50-50 हजार रुपये वापस भी कर दिए हैं। इसके साथ ही अन्य लोगों से भी पैसा लौटाने का वादा किया गया है। हालांकि इसके बदले में शर्त रखी गई है कि किसी भी हालत में उसका नाम सामने न आए और खरीदार प्रशासन के सामने उसके पक्ष में ही बात रखें।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और जल्द ही सरकारी जमीन पर प्लॉट बेचने वाले असली मास्टरमाइंड पर बड़ी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

अगला एपिसोड -किस नेताजी के इशारे पर बिकी सरकारी पहाड़ी।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567