Home FOREST जंगल में मिला जला कंकाल, बिना जांच अफसर बोले—‘मवेशी’ !

जंगल में मिला जला कंकाल, बिना जांच अफसर बोले—‘मवेशी’ !

फॉरेंसिक रिपोर्ट से पहले ही मामला दबाने की कोशिश ?, पेंच बफर जोन में संदिग्ध कंकाल मिलने से हड़कंप

छिंदवाड़ा/ बिछुआ (लगी क्या)। पेंच नेशनल पार्क के बफर जोन स्थित बंधान बीट के थोटामाल जंगल में संदिग्ध जले हुए कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है। तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों ने जंगल के बीच राख और हड्डियों के अवशेष देख वन विभाग को सूचना दी, लेकिन मामले में विभाग की कार्यप्रणाली अब सवालों के घेरे में है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी फॉरेंसिक जांच, सैंपलिंग या वेटरनरी रिपोर्ट के ही वन विभाग के अधिकारी कंकाल को “मवेशी” बताकर मामला रफा-दफा करने में जुट गए। हैरानी की बात यह भी है कि मौके पर न पंचनामा बनाया गया और न ही साक्ष्यों के फोटोग्राफ लिए गए।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि मुख्य सड़क से करीब दो किलोमीटर दूर, घने और पहाड़ी जंगल के बीच कोई मवेशी आखिर पहुंचा कैसे? और अगर उसे जलाया गया, तो किसने और क्यों?
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि कहीं किसी वन्यजीव के शिकार के बाद सबूत मिटाने की कोशिश तो नहीं की गई। बावजूद इसके विभाग ने डॉग स्क्वॉड या फॉरेंसिक टीम तक नहीं बुलाई।
मामले में वन विभाग का रवैया भी संदिग्ध नजर आया। पत्रकारों द्वारा संपर्क करने पर रेंजर और डिप्टी रेंजर के फोन बंद मिले और विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567