Home CITY NEWS “तबादला उद्योग का काला खेल : साहब के दौरे बन गए वसूली...

“तबादला उद्योग का काला खेल : साहब के दौरे बन गए वसूली अभियान !”

“ट्रांसफर की धमकी, सेटिंग का ऑफर… 20 से 40 हजार तक चढ़ावा लेने की चर्चा”

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। जिले के एक जानवरों से जुड़े विभाग में इन दिनों तबादलों के नाम पर कथित उगाही का खेल जोरों पर है। हमेशा अपनी कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में रहने वाले एक साहब अब नए कारनामे को लेकर सुर्खियों में हैं। भोपाल स्तर से तबादलों पर लगी रोक हटते ही साहब ने जिलाभर के दौरे शुरू कर दिए हैं और इन दौरों की असली वजह अब विभागीय गलियारों में चर्चा का विषय बन चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक साहब कार्यालयों में पहुंचकर अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को सीधे तबादले की धमकी दे रहे हैं। “नाम ऊपर भेज दिया जाएगा”, “दूर फेंक दिए जाओगे”, “अभी सेट हो जाओ” जैसे संवादों से कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। डर के इस माहौल का फायदा उठाकर कथित तौर पर सेटिंग और लेनदेन का खेल शुरू हो गया है।
विभागीय सूत्र बताते हैं कि कई कर्मचारियों ने अपना तबादला रुकवाने के लिए 20 हजार से लेकर 40 हजार रुपए तक की “दक्षिणा” चढ़ा दी है। कुछ कर्मचारी खुले तौर पर यह कहते सुने जा रहे हैं कि “साहब को खुश रखो, नहीं तो जंगलों और दूरदराज इलाकों में फेंक दिए जाओगे।”
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या तबादला अब प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि कमाई का जरिया बन चुका है ? यदि आरोप सही हैं तो यह न सिर्फ विभागीय मर्यादा पर सवाल है बल्कि सरकारी सिस्टम को खुली बदनामी भी है। फिलहाल विभाग में साहब के दौरों से ज्यादा उनकी “उगाही शैली” चर्चा में बनी हुई है।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567