Home CITY NEWS प्रमुख सचिव के आदेश को 10 दिन तक दबाए बैठे रहे साहब...

प्रमुख सचिव के आदेश को 10 दिन तक दबाए बैठे रहे साहब !

अपने चहेतों को बचाने उपसंचालक ने खेला अटैचमेंट का खेल

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। पशु चिकित्सा विभाग में वर्षों से चल रहे “अटैचमेंट खेल” पर आखिरकार कार्रवाई तो हुई, लेकिन सवाल यह खड़ा हो गया कि जब प्रमुख सचिव ने समीक्षा बैठक में साफ आदेश दे दिए थे, तो उपसंचालक को आदेश लागू करने में 10 दिन से ज्यादा का समय क्यों लग गया ?
विभाग में चर्चा है कि साहब इतने दिनों तक अपने खास कर्मचारियों को बचाने की जुगत में लगे रहे। आखिरकार दबाव बढ़ने पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा कर्मचारियों में से कुछ का अटैचमेंट खत्म कर दिया गया, लेकिन कई “चहेते” अब भी मलाईदार जगहों पर जमे हुए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन कर्मचारियों को वर्षों पहले नियमों को ताक पर रखकर उपसंचालक कार्यालय में अटैच किया गया था, क्या उस समय नियम याद नहीं थे ? अब अचानक कार्रवाई भी ऐसी कि अपने लोगों पर हाथ हल्का और बाकी कर्मचारियों पर सख्ती।
सूत्रों की मानें तो विभाग में अटैचमेंट लंबे समय से सुविधा, सेटिंग और साहब की पसंद का खेल बना हुआ था। कई कर्मचारी मूल पदस्थापना छोड़कर वर्षों से कार्यालयों में जमे रहे और पूरी व्यवस्था “साहब की कृपा” से चलती रही। अब आदेश जारी होने के बाद विभाग में यह चर्चा तेज है कि आखिर प्रमुख सचिव के निर्देशों को 10 दिन तक रोककर रखने के पीछे मंशा क्या थी, और जिन चहेतों को अब भी संरक्षण मिला हुआ है। उन पर कार्रवाई कब होगी ?

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567