छिंदवाड़ा : (लगी क्या)। जिले के सोनपुर,चंदनगांव, पोआमा क्षेत्र की नदी में रेत माफिया द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा है। यहाँ रेत माफिया ने मानो अपने खुद के नए नियम बनाकर ” रेत खदान” बना डाली है। इस खदान से रोजाना दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली भरकर रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। जिससे क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों को भारी नुकसान पहुँच रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनिज विभाग के अधिकारी इस पूरे अवैध कारोबार को जानकर भी अनजान बने हुए हैं। वे घटनास्थल पर जाकर प्रभावी कार्रवाई करने की बजाय केवल कागजी खानापूर्ति में ही व्यस्त हैं। ऐसा प्रतीत होता है मानो खनिज विभाग के अधिकारी मुकदर्शक की भूमिका निभा रहे हों और रेत माफिया के आगे पूरी तरह से नतमस्तक हो गए हों। खनिज विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विभाग के कई अधिकारी अपने वातानुकूलित कमरों में बैठकर ही पूरे जिले के खनिज संबंधी कार्यों का संचालन कर रहे हैं। फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने की जहमत तक नहीं उठाई जा रही है। यह निष्क्रियता कई संदेहों को जन्म दे रही है और विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रही है।
ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे रेत माफिया के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर अपने अवैध कारोबार को चला रहे हैं। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधन को बचाया जा सके और अवैध उत्खनन पर लगाम लगाई जा सके।
सोनपुर में नहीं किसी का डर –
सोनपुर के ग्रामीणों ने बताया कि रोजाना दिन हो या रात हो, रेत का परिवहन हो रहा है। कोई ग्रामीण कुछ बोले तो उनके साथ गाली गलोच की जाती है तो वही तरह तरह से धमकी भी दी जा रही है। इस बात की शिकायत खनिज विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन कार्यवाही अब तक नहीं हुई, जो कई सवालों को जन्म दे रहा है।
जरा हट के…
प्रवीण काटकर
9424300567





