Home CITY NEWS निगम में नौकरी के नाम पर करोड़ों का खेल: जल प्रदाय विभाग...

निगम में नौकरी के नाम पर करोड़ों का खेल: जल प्रदाय विभाग के अधिकारी पर गंभीर आरोप !

वीडियो वायरल, लेकिन अब तक नहीं हुई कार्रवाई — प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

छिंदवाड़ा। (लगी क्या)। नगर निगम छिंदवाड़ा में फैले भ्रष्टाचार का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार मामला जल प्रदाय विभाग से जुड़ा है, जहां एक अधिकारी पर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगा है। मामले से संबंधित एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें ‘नितिन’ नामक कर्मचारी द्वारा पैसों की वसूली की बात कबूल की जा रही है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि आधिकारिक रूप से नहीं की गई है।

क्या है मामला?

सूत्रों के मुताबिक, जल प्रदाय विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी, जिन्हें स्थानीय स्तर पर “साहब” के नाम से जाना जाता है, के निर्देश पर उनके अधीनस्थ कर्मचारी नितिन द्वारा नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर 20 से अधिक बेरोजगार महिला-पुरुषों से ₹50,000 से ₹1,00,000 तक की राशि वसूली गई।

जब महीनों तक कोई नियुक्ति नहीं हुई, तो पीड़ितों ने विरोध दर्ज कराया और शिकायतें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई। इसके जवाब में ‘साहब’ ने वसूली करने वाले कर्मचारी नितिन को नौकरी से हटा दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

वायरल वीडियो में नितिन यह स्वीकार करता नजर आ रहा है कि उसने लोगों से टाउन हॉल या कार्यालय में बुलाकर पैसे लिए, और यह सब साहब के निर्देश पर किया गया।

छह महीने पुराना मामला, फिर भी सन्नाटा क्यों?

यह मामला करीब छह महीने पुराना है, और इसकी जानकारी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को भी है। इसके बावजूद अब तक कोई जांच या प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। यह चुप्पी और निष्क्रियता कई सवालों को जन्म देती है और उच्च स्तरीय मिलीभगत की आशंका को बल देती है।

सालों से चल रहा था ‘नितिन’ का खेल

जांच में सामने आया है कि नितिन पहले भी इसी तरह बेरोजगारों से रकम लेकर उन्हें अस्थायी रूप से निगम में पदस्थ करता रहा है। एक-दो माह बाद यह कहकर निकाल दिया जाता था कि “अधिकारियों ने बंद करवा दिया”। इस दौरान युवाओं को उन्हीं के पैसे से तनख्वाह की कुछ राशि लौटाई जाती थी, जबकि शेष नितिन और उसके सहयोगियों की जेब में चली जाती थी।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567