Home CITY NEWS छिंदवाड़ा: ट्रक में हुई दुल्हन की विदाई, अनोखी पहल बनी चर्चा का...

छिंदवाड़ा: ट्रक में हुई दुल्हन की विदाई, अनोखी पहल बनी चर्चा का विषय

छिंदवाड़ा। (लगी क्या)। शादी-ब्याह में जहां अक्सर हेलीकॉप्टर या लग्जरी गाड़ियों से विदाई का चलन देखने को मिलता है, वहीं छिंदवाड़ा जिले में एक दूल्हे ने अपनी मेहनत और सपने को साकार करते हुए अपनी दुल्हन की विदाई ट्रक में कराई। यह अनोखी विदाई क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बन गई है।

चौरई ब्लॉक के पलटवाड़ा गांव निवासी सोनू वर्मा का सपना था कि वह अपनी दुल्हन को अपनी खुद की गाड़ी में विदा कराकर लाए। जब सोनू की शादी सिवनी जिले के केवलारी निवासी सोनम से तय हुई, तब उसने अपनी होने वाली पत्नी से यह इच्छा साझा की। उस समय सोनू के पास निजी गाड़ी नहीं थी, लेकिन उसने हार नहीं मानी। मेहनत करके एक ट्रक फाइनेंस कराया, जिसे न केवल रोज़गार का साधन बनाया बल्कि अपने सपने की गाड़ी भी।

शादी के दिन जब विदाई का समय आया, तो सोनू ने अपने उसी ट्रक से दुल्हन की विदाई की। खास बात यह रही कि इस पहल पर न सिर्फ दुल्हन सोनम बल्कि उसके परिवार ने भी सहमति जताई और इस अनूठी विदाई को खुशी-खुशी स्वीकार किया। विदाई के दौरान खुद दूल्हा ट्रक चला रहा था और दुल्हन रोमांटिक गीतों का आनंद ले रही थी।

गौर करने वाली बात यह है कि दोनों परिवार पढ़े-लिखे और संपन्न हैं। वे चाहते तो आराम से महंगी कार या अन्य साधनों से विदाई करवा सकते थे, लेकिन उन्होंने भावनाओं को प्राथमिकता दी और सादगी से भरे इस क्षण को हमेशा के लिए यादगार बना दिया।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567