Home CITY NEWS एसपी की धौंस दिखाकर आरोपियों से अवैध वसूली करने वाला गिरोह सक्रिय...

एसपी की धौंस दिखाकर आरोपियों से अवैध वसूली करने वाला गिरोह सक्रिय !

जिले में बातचीत के तीन दर्जन से अधिक वायरल हुए ऑडियो

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। जिले में इन दिनों एक ऐसा गिरोह सक्रिय बताया जा रहा है, जो खुद को पुलिस और एसपी का करीबी बताकर आरोपियों से अवैध वसूली कर रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो क्लिप ने इस गिरोह की करतूतों का पर्दाफाश कर दिया है। वायरल ऑडियो में आरोपी यह कहते सुने जा रहे हैं कि उनकी “एसपी से बात हो चुकी है”, और पैसे देने पर किसी भी कार्रवाई से बचाया जा सकता है।

क्या है पूरा मामला-

कुछ महीने पहले चौरई के गल्ला व्यापारी योगेश जैन पर बिहार के एक व्यापारी से मक्का खरीदी का भुगतान न करने का आरोप लगा था। इस मामले में बिहार पुलिस ने उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया और गिरफ्तारी के लिए छिंदवाड़ा पहुंची।
गिरफ्तारी की भनक लगने पर योगेश ने मंडी के चर्चित तारन जैन से संपर्क किया, जिसने उसे सौरभ जैन नामक व्यक्ति से मिलवाया। सौरभ ने खुद को एसपी से जुड़ा बताकर कहा कि “अगर ढाई लाख रुपए दिए जाएं तो बिहार पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाएगी।”

ढाई लाख में हुआ सौदा, फिर भी पुलिस ने पकड़ लिया-

बताया गया कि योगेश ने 2.5 लाख में से 1 लाख रुपए नगद दे भी दिए, लेकिन बिहार पुलिस ने छिंदवाड़ा पहुंचकर योगेश के पिता देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
इस पर नाराज़ योगेश ने सौरभ जैन को फोन कर पैसे लौटाने की मांग की। यह बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।

वायरल ऑडियो में सौरभ जैन ने कहा – “एसपी से बात हो गई है”

वायरल ऑडियो में सौरभ जैन यह कहते सुने जा रहे हैं कि “एसपी से बात हो गई है, बाकी पेमेंट कर दो, तुम्हें कोई दिक्कत नहीं होगी। तुम सामाजिक व्यक्ति हो इसलिए मैं आगे आया, वरना दलाली करना मेरा काम नहीं है।”

पहले भी जेल जा चुका है तारन-

जानकारी के मुताबिक, तारन जैन का नाम पहले भी अनाज घोटाले के एक मामले में सामने आ चुका है, जिसके चलते वह जेल जा चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद भी उसकी दलाली और कथित साठगांठ की चर्चाएं मंडी क्षेत्र में जारी हैं।

नोट – इस खबर की सत्यता की पुष्टि  ‘ लगी क्या डॉट कॉम’ नहीं करता, यह खबर वायरल हुए ऑडियो के अनुसार बनाई गई है।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567