छिंदवाड़ा : 20 मई 2025: छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे (आईपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आयुष गुप्ता (आईपीएस) के कुशल निर्देशन में पुलिस लाइन में आयोजित निशुल्क विशेष फिजिकल ट्रेनिंग कैंप युवाओं के लिए सफलता की नई कहानी लिख गया है। इस कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर कुल 49 अभ्यर्थियों ने विभिन्न प्रतिष्ठित भर्ती परीक्षाओं में सफलता का परचम लहराया है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस निशुल्क कैंप का मुख्य उद्देश्य पुलिस आरक्षक, एसएससी जीडी, CDS जैसी महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को उच्च गुणवत्ता का शारीरिक प्रशिक्षण निशुल्क प्रदान करना था। इस प्रशिक्षण सत्र में कुल 126 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से 40 अभ्यर्थियों ने मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पद पर, 01 अभ्यर्थी ने CDS के माध्यम से सब लेफ्टिनेंट पद पर और 08 अभ्यर्थियों ने एसएससी जीडी कांस्टेबल के पद पर अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कैंप का कुशल संचालन आरक्षक विजय ने कोर्स प्रभारी के रूप में किया, जो पुलिस लाइन छिंदवाड़ा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। संपूर्ण प्रशिक्षण रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी एवं सूबेदार लोहित पुलिस लाइन के लाइन अफसर केशव इंगले के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण को सफल बनाने में पुलिस विभाग के कई कर्मियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इनमें प्रधान आरक्षक राजेश उइके, आरक्षक मोहित रघुवंशी, शीतल बाघमारे, अमित तोमर, प्रतीक नागवंशी, शुभम डायरिया एवं पवन रजक प्रमुख रूप से शामिल रहे, जिन्होंने अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर छात्रों को अपने अनुभवों से मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके अतिरिक्त रेलवे विभाग से टीसी श्री शुभम गजभिए एवं टेक्नीशियन श्री जीवन यादव का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी को व्यापक रूप से फैलाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का प्रभावी उपयोग किया गया, जिसके परिणामस्वरूप न केवल छिंदवाड़ा बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में युवा इस अभियान से जुड़े।
सफल अभ्यर्थियों का सम्मान:
इस प्रशिक्षण के उत्कृष्ट परिणामों के फलस्वरूप चयनित हुए सभी 49 अभ्यर्थियों के सम्मान में छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सफल छात्र-छात्राओं ने मंच से अपने अनुभव साझा किए और अपनी वर्षों की मेहनत और लगन को इस सफलता का श्रेय दिया।
समारोह में डीएसपी (यातायात) श्री रामेश्वर प्रसाद चौबे, रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी, कोर्स प्रभारी आरक्षक विजय, सउनि केशव, प्रधान आरक्षक राहुल ठाकुर, आरक्षक अजीत एवं जितेंद्र तुरकर सहित अनेक गणमान्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे और उन्होंने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रोत्साहन:
पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे (आईपीएस) ने इस अभूतपूर्व सफलता पर चयनित हुए सभी आरक्षकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, छिंदवाड़ा में विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सभी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। श्री पांडे ने सभी अभ्यर्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता न केवल उनके लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर श्री पांडे ने यह भी दृढ़ संकल्प व्यक्त किया कि छिंदवाड़ा पुलिस भविष्य में भी युवाओं को इसी प्रकार मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवा सरकारी सेवाओं में अपना स्थान सुनिश्चित कर सकें।
आगे भी जारी रहेगा प्रयास:
छिंदवाड़ा पुलिस इस सफल आयोजन को जिले के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण मानती है और भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में भी पुलिस लाइन में निशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग कैंप जारी है, जिसमें इच्छुक युवा पुलिस लाइन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। यह प्रयास निश्चित रूप से जिले के युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रवीण काटकर : 9424300567





