Home CITY NEWS छात्रावास बना अय्याशी का अड्डा: अधीक्षक का शराब पार्टी का वीडियो वायरल,...

छात्रावास बना अय्याशी का अड्डा: अधीक्षक का शराब पार्टी का वीडियो वायरल, आयुक्त ने किया निलंबित

छात्रावास में नशे की महफिल, अधीक्षक द्वारा बच्चों से गाली-गलौज, आदिवासी अभिभावकों में आक्रोश

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। जिले के अमरवाड़ा विकासखंड अंतर्गत लहगडुआ स्थित आदिवासी बालक छात्रावास में अनुशासनहीनता और अराजकता का मामला सामने आया है। यहां पदस्थ छात्रावास अधीक्षक अनिल सोलंकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह छात्रावास परिसर में अपने दोस्तों के साथ शराब पार्टी करते और नशे में धुत होकर बच्चों के साथ गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की हरकतें लंबे समय से हो रही थीं, लेकिन पहली बार इसका वीडियो प्रमाण सामने आया है, जिसे गांव के ही किसी जागरूक युवक ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया।

गुरु-शिष्य की गरिमा पर चोट
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि ऐसे लोग आदिवासी बच्चों के संरक्षण और शिक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगे, तो गुरु-शिष्य की पवित्र परंपरा को गहराई से ठेस पहुंचेगी। छात्रावास, जो कि बच्चों के चरित्र निर्माण का केंद्र होना चाहिए, वह अय्याशी का अड्डा बन चुका है।

आयुक्त ने लिया संज्ञान, अधीक्षक निलंबित
मामला वायरल होने के बाद जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त श्री मरकाम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधीक्षक अनिल सोलंकी को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही मामले की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।

ग्रामीणों की मांग:
गांव वालों ने मांग की है कि अधीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए, ताकि भविष्य में छात्रावासों की गरिमा बनी रहे और आदिवासी बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहे।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567