Home CITY NEWS पहाड़ी खोदकर पेड़ों की कटाई, बना दिया ढाबा

पहाड़ी खोदकर पेड़ों की कटाई, बना दिया ढाबा

छिंदी रेंज ऑफिस के सामने ही हुआ बड़ा खेल, विभागीय मिलीभगत पर उठे सवाल

छिंदवाड़ा (लगी क्या) । पूर्व वन मंडल के अंतर्गत आने वाले छिंदी रेंज ऑफिस के सामने ही अवैध गतिविधि का बड़ा मामला सामने आया है। यहां न केवल पहाड़ी का अवैध उत्खनन किया गया, बल्कि वर्षों पुराने हरे-भरे पेड़ों को काटकर दिनदहाड़े ढाबा बना दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरे खेल में वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की मिलीभगत साफ दिखाई देती है। ढाबे के पास अब भी पड़े बड़े-बड़े पेड़ों के ठूंठ इस अवैध कटाई की गवाही दे रहे हैं।

आरोप है कि ढाबा संचालक ने विभागीय चुप्पी और संरक्षण का फायदा उठाकर नीलगिरी, पीपल और अन्य पेड़ों का कत्लेआम कर दिया। जबकि नियमों के मुताबिक वन क्षेत्र में न तो इस तरह से पहाड़ी खोदी जा सकती है और न ही पेड़ों की कटाई बगैर अनुमति की जा सकती है। इधर सालों पुराने पेड़ों को डिप्टी साहब की मिली भगत से काट दिया गया।

छिंदवाड़ा वन विभाग हमेशा अपनी कर प्रणाली और कार्यप्रणाली को लेकर सुर्खियों में रहता है। अब एक बार फिर ठीक रेंज ऑफिस के सामने हुए इस निर्माण कार्य ने विभाग की कार्यशैली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

छिंदी में डिप्टी साहब की है तगड़ी सेटिंग –
छिंदी रेंज में पिछले कुछ सालों से पदस्थ डिप्टी साहब की तगड़ी सेटिंग क्षेत्र में है। उनके द्वारा ही हर काम को बखूबी अंजाम दिया जाता है। इस पूरे मामले में भी डिप्टी साहब की ढाबा संचालक से भारी सेटिंग होने की बात सामने आई है।