Home CITY NEWS रेत के खेल में ‘साहब’ की सेटिंग !

रेत के खेल में ‘साहब’ की सेटिंग !

दो डंपर पकड़े, एक पर कार्रवाई… दूसरा रात में गायब

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। जिले में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई के नाम पर भी खेल होने लगे हैं। खनिज विभाग की सुस्ती के बीच राजस्व अधिकारी मैदान में उतरकर कार्रवाई तो कर रहे हैं, लेकिन इन कार्रवाइयों पर भी सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला 19 फरवरी का है, जब एक चर्चित अधिकारी ने रेत से भरे दो डंपरों को पकड़कर कोतवाली थाने में खड़े करवाये थे।
सूत्रों से जुड़ी जानकारी के अनुसार दोनों डंपरों से रेत परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई तो मामला अवैध परिवहन का सामने आया । ऐसे में दोनों वाहनों पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा था, लेकिन देर रात कहानी ही बदल गई। सूत्रों की मानें तो “सेटिंग” के बाद रात करीब 2 बजे एक डंपर एमपी 28/..92 को चुपचाप मोटी रकम लेकर छोड़ दिया गया, जबकि दूसरे डंपर पर नियमानुसार कार्रवाई कर दी गई।
इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक कार्रवाई की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा यह भी है कि संबंधित अधिकारी पहले भी इस तरह की कार्रवाई के बाद ‘सेवा’ लेकर वाहन छोड़ने को लेकर सुर्खियों में रहे हैं।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जब दोनों डंपर अवैध रेत से भरे थे, तो फिर एक को क्यों छोड़ा गया और दूसरे पर ही कार्रवाई क्यों की गई ? यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो जाए तो कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567