Home CITY NEWS नामजद शिकायत के बाद भी चुप्पी !

नामजद शिकायत के बाद भी चुप्पी !

क्या विनेश-विकास की ‘सेवा’ ने रोकी कार्यवाही ? आखिर अधिकारियों को किस बात का डर

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। निगम क्षेत्र में लहगडुआ की पहाड़ी की सरकारी जमीन के सौदे को लेकर एक बार फिर बड़ा खेल इन दिनों चर्चाओं में बना हुआ है। आरोप है कि शातिर मास्टर माइंड विनेश और विकास की जोड़ी ने मिलकर जमीन बेचने का पूरा खेल रचा और लोगों से सौदेबाज़ी की। हालांकि मामला प्रकाश में आने के बाद और प्रशासन द्वारा कार्यवाही किए जाने के बाद पीड़ित पक्षों द्वारा नामजद शिकायत की गई। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
जानकारी के मुताबिक पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें जमीन के सौदे और उसमें शामिल लोगों के नाम भी बताए गए हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे साफ जाहिर होता है कि जांच टीम द्वारा मामले को कहीं न कहीं दबाने की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर शिकायत में नामजद आरोप विनेश ओर विकास पर लगाए गए हैं तो फिर जांच और कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हो रही है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या आरोपियों की पहुंच इतनी मजबूत है कि अधिकारी भी कार्रवाई करने से डर रहे हैं, या फिर मामला किसी “सेवा-सत्कार” के कारण ठंडे बस्ते में तो नहीं डाल दिया गया।
सूत्रों की मानें तो जमीन के इस पूरे खेल में कई और नाम भी सामने आए हैं, जिसमें संतोष सहित एक अन्य महिला व कुछ लोगों के नाम चर्चाओं में हैं। यदि निष्पक्ष जांच की जाए तो जमीन के इस सौदे के पीछे का पूरा नेटवर्क उजागर हो सकता है। लेकिन जिम्मेदार विभाग की चुप्पी से ऐसा लग रहा है मानो मामले को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगा, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। जिले में जमीन के सौदों को लेकर पहले भी कई विवाद सामने आ चुके हैं, ऐसे में इस मामले ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567