Home FOREST छोटी मछलियां जाल में, मगरमच्छ अब भी बाहर !

छोटी मछलियां जाल में, मगरमच्छ अब भी बाहर !

पश्चिमी वन मंडल की जांच पर उठे सवाल, बड़े अफसरों को बचाने का खेल?

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। पश्चिमी वन मंडल में करोड़ों की वित्तीय अनियमितताओं की जांच अब सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि जांच का पूरा फोकस केवल छोटे कर्मचारियों पर रखा गया है, जबकि पूरे मामले के कथित मास्टरमाइंड और जिम्मेदार बड़े अधिकारियों तक जांच की आंच नहीं पहुंच रही। विभागीय कार्रवाई को लेकर यह चर्चा तेज है कि “छोटी मछलियां” तो जाल में फंस गईं, लेकिन “मगरमच्छों” को बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार कंप्यूटर ऑपरेटर और वनरक्षक जैसे कर्मचारी स्वतंत्र रूप से कोई वित्तीय या प्रशासनिक निर्णय नहीं लेते। वे रेंज अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ही काम करते हैं। ऐसे में यदि लाखों रुपए के कथित गोलमाल हुए हैं तो केवल निचले कर्मचारियों पर कार्रवाई कर पूरे मामले का पटाक्षेप करने की कोशिश कई सवाल खड़े कर रही है।
अब तक विभाग तीन वनरक्षक को निलंबित कर चुका है और दो कंप्यूटर ऑपरेटरों की सेवाएं समाप्त कर अपनी कार्रवाई का ढिंढोरा पीट रहा है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक किसी भी रेंज अधिकारी या उच्च अधिकारी की भूमिका सार्वजनिक रूप से जांच के दायरे में नहीं लाई गई है।
वन विभाग के जानकारों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच करनी है तो केवल मोहरों पर नहीं, बल्कि आदेश देने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय करनी होगी। आखिर छोटे कर्मचारी किसके निर्देश पर काम कर रहे थे? यदि अनियमितताएं हुईं तो उनके लिए जवाबदेह कौन है? इन सवालों का जवाब जांच एजेंसियों और विभागीय अधिकारियों को देना होगा।
फिलहाल पश्चिमी वन मंडल की जांच यह संदेश दे रही है कि कार्रवाई केवल नीचे तक सीमित है, जबकि असली जिम्मेदारों तक जांच की आंच पहुंचने का इंतजार अब भी बना हुआ है।


नामजद है 21कर्मचारी –
पश्चिम मंडल में पशु मुआवजा सहित अन्य राशि में हेर फेर करने वाले 21 कर्मचारियों को चिन्हित किया गया है। इन कर्मचारियों के खिलाफ बाकायदा विभागीय जांच के साथ-साथ कोषालय की टीम द्वारा भी जांच की जा रही है। विभागीय जांच में अब तक तीन वनरक्षकों को निलंबित किया जा चुका है और इस पूरे मामले में शातिर और मास्टरमाइंड के रूप में पहचाने जाने वाले सांवरी रेंज के ऑपरेटर सहित परासिया रेंज के कंप्यूटर ऑपरेटर पर कार्रवाई करते हुए नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।