Home CITY NEWS सेवानिवृत्ति के बाद भी कार्यालय में जारी है सेवा !

सेवानिवृत्ति के बाद भी कार्यालय में जारी है सेवा !

पशु चिकित्सा विभाग में नियमों से ऊपर साहब के नियम’

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। पशु चिकित्सा विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विभाग में सरकारी नियमों की बजाय अधिकारियों के बनाए ‘अलग नियम’ चलते दिखाई दे रहे हैं। ताजा मामला विभाग के बड़े बाबू से जुड़ा है, जो करीब एक माह पहले 30 जून को विधिवत सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि आज भी वे नियमित रूप से कार्यालय पहुंचकर कामकाज संभाल रहे हैं।
सूत्रों का दावा है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी बड़े बाबू की कार्यालय में सक्रिय मौजूदगी कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर किस अधिकार से वे सरकारी कार्यालय में बैठकर फाइलों पर काम कर रहे हैं? यदि उनकी सेवाएं समाप्त हो चुकी हैं तो उन्हें कार्यालय में बैठने और विभागीय कार्य करने की अनुमति किसने दी?
विभागीय गलियारों में चर्चा है कि रिटायरमेंट के बाद भी उनकी मौजूदगी के पीछे कुछ महत्वपूर्ण फाइलों और पुराने मामलों को “मैनेज” करने की कोशिश की जा रही है। यही वजह है कि उन्हें अब तक कार्यालय से दूर नहीं किया गया। हालांकि इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरकार सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारी की सेवा समाप्त मानती है, तब पशु चिकित्सा विभाग में किस नियम के तहत एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से काम लिया जा रहा है? क्या यह प्रशासनिक व्यवस्था की मजबूरी है या फिर किसी बड़े खेल पर पर्दा डालने की तैयारी ?
अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे मामले पर क्या सफाई देते हैं और क्या उच्च अधिकारी इस मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करेंगे या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567