CIIMS में पहली बार 22 वर्षीय युवती का पैंक्रियाटिक स्यूडोसिस्ट का सफल लैप्रोस्कोपिक ऑपरेशन
छिंदवाड़ा (लगी क्या)। छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (CIIMS) के जनरल सर्जरी विभाग ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. महेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ सर्जरी टीम ने 22 वर्षीय युवती के अग्नाशय में बनी जटिल सिस्ट यानी पैंक्रियाटिक स्यूडोसिस्ट का दूरबीन (लैप्रोस्कोपिक) तकनीक से सफल ऑपरेशन किया। बताया गया कि छिंदवाड़ा जिले में इस प्रकार की यह पहली सर्जरी है। खास बात यह रही कि मरीज का पूरा उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत किया गया।
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय युवती पिछले करीब 15 से 20 दिनों से पेट दर्द और उल्टी की समस्या से परेशान थी। लगातार तकलीफ के चलते उसने सबसे पहले दमुआ में उपचार कराया, लेकिन बीमारी का स्पष्ट निदान नहीं हो सका और परेशानी बनी रही। इसके बाद मरीज ने CIIMS छिंदवाड़ा में चिकित्सकीय परामर्श लिया।
CIIMS में चिकित्सकों ने मरीज की विस्तृत जांच कराई। अल्ट्रासाउंड (USG) और CT Scan सहित आवश्यक परीक्षणों के बाद अग्नाशय में पैंक्रियाटिक स्यूडोसिस्ट होने की पुष्टि हुई। मरीज की स्थिति का समुचित मूल्यांकन करने के बाद जनरल सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह ने लैप्रोस्कोपिक तकनीक से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
विशेषज्ञ टीम ने संभाली जटिल सर्जरी –
ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ. महेंद्र सिंह ने किया। उनके साथ सर्जरी यूनिट-1 के सह प्राध्यापक डॉ. हेमंत अहिरवार एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. निर्मल ठाकुर ने सर्जिकल टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अश्विनी पटेल, डॉ. सोनाली त्रिपाठी एवं डॉ. अंशुल जैन शामिल रहे।
ऑपरेशन थिएटर टीम में OT स्टाफ इंचार्ज विमल राउत, कृपा सिस्टर, मोनिका सिस्टर तथा हेल्पर दीपेश एवं शुभम् भाऊ का सहयोग रहा।
ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार-
लैप्रोस्कोपिक ऑपरेशन के बाद मरीज के स्वास्थ्य में सुधार बताया गया है। पेट दर्द से राहत मिलने के साथ वह सामान्य रूप से भोजन कर पा रही है। ऑपरेशन के बाद उसकी स्थिति संतोषजनक रही और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी रिकवरी हुई।
CIIMS के जनरल सर्जरी विभाग द्वारा की गई इस जटिल सर्जरी को संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक के माध्यम से सफल उपचार से मरीज को राहत मिली और जिले में जटिल सर्जरी की चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम दर्ज हुआ।
जरा हट के…
प्रवीण काटकर
9424300567





