नगर निगम में चल रहा है गड़बड़ झाला
छिंदवाड़ा –नगर पालिका निगम के अधिकारी और ठेकेदारों के बीच चली आ रही साठगांठ किसी से भी छिपी नहीं है। ऐसा ही एक मामला नगर निगम के इंजीनियर और ठेकेदार के बीच चली सेटिंग का सामने आया है। जहां ठेकेदार ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक का काम लेकर पुरानी बिल्डिंग में रंग रोगन कर दिया और सब इंजीनियर के साथ मिलकर लाखों रुपए की राशि डकार गए, यह हम नहीं नगर पालिका निगम के सूत्र दबी जवान से बता रहे हैं। इतना ही नहीं निगम के अधिकारी इस पूरे मामले को जानकर भी अनजान बनने का नाटक भी करते चले आ रहे हैं। नगर निगम से जुड़े सूत्रों की माने तो सर्रा और परतला में नगर पालिक निगम द्वारा संजीवनी क्लिनिक का निर्माण कराया गया। इसके लिए बकायदा लाखो रुपए का टेंडर भी जारी हुआ। जहां सब निगम के शातिर सब इंजीनियर और अधिकारियों ने पुरानी बिल्डिंग का चयन किया और उस बिल्डिंग में रंग रोगन कर दिए। साथ ही थोड़ा सा काम करते हुए लाखों रुपए की राशि को आपस में बांट भी लिए। इस मामले में जब एक आरटीआई कार्यकर्ता ने जानकारी के लिए निगम में आवेदन दिया तो अधिकारी इस जानकारी को देने के बजाय कई तरह के बहाने बता रहे हैं। जिससे यह बात तो साफ है कि निगम में लंबे समय से ठेकेदार और अधिकारियों के बीच साठगांठ का बड़ा खेल चला आ रहा है।
टेंडर के बाद भी किस्तों में निकाले पैसे –
निगम से जुड़े सूत्रों की माने तो ठेकेदार टेंडर में मिली राशि का उपयोग किए जाने के बाद भी 50 हजार से लेकर 1 लाख तक की फाइल बनाकर उस राशि को भी निकाल लिया और यह सब उस वार्ड के अधिकारी के साथ मिलकर यह कूट रचित खेल खेला गया। जो निगम के अधिकारियों की कार्य प्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाता हुआ नजर आ रहा है।





