छिंदवाड़ा- (लगी क्या)।: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के एक छोटे से गांव राजाखोह की चार महिलाओं ने महुए के फूल से कुकीज बनाकर पूरे देश में धूम मचा दी है। इन महिलाओं के अनोखे स्टार्टअप की कहानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंची, जिन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इन महिलाओं और उनके समूह की जमकर तारीफ की।
महेंद्र राय की लेखनी से मिला राष्ट्रीय पहचान:
ईटीवी भारत के संवाददाता महेंद्र राय ने सबसे पहले इन महिलाओं की सफलता की कहानी को अपनी लेखनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया। उनकी खबर के बाद ही यह समूह चर्चा में आया और उनकी बात दिल्ली तक पहुंची। आज यह महिलाओं का समूह किसी परिचय का मोहताज नहीं है। महेंद्र राय की खबरों को लेकर उनकी दूरदर्शिता की सभी ने सराहना की है।
अनोखा स्टार्टअप:
देवकी चौरे, लता मर्सकोले, नीतू अहिरवार और मंजू चौरे ने ‘अन्यका महुआ उत्पादक समूह’ बनाकर महुए के फूल से कुकीज बनाने का काम शुरू किया। इन महिलाओं ने 5-5 हजार रुपए इकट्ठे करके आदिवासी जीवन शैली से जुड़े व्यंजनों को व्यवसायिक स्वरूप देने की योजना बनाई। इसी के तहत उन्होंने महुआ के फूल से कुकीज बनाने का फैसला किया और यह आइडिया हिट हो गया।
मल्टीनेशनल कंपनी ने की मदद:
गांव की महिलाओं का जज्बा देखकर एक मल्टीनेशनल कंपनी ने सीएसआर मद से इन महिलाओं को आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराईं। इससे पहले महिलाओं ने सात दिन की ट्रेनिंग भी ली, जिसमें कुकीज बनाने का तरीका सीखा। उनके उत्पाद के लिए आसपास के 13 गांवों के ग्रामीणों से महुआ एकत्र कराया जाता है। इससे जुड़ी महिलाओं को भी रोजगार मिला है।
देश भर में डिमांड:
महिलाओं की मेहनत और लगन से उनके उत्पाद की स्थानीय स्तर पर बड़ी डिमांड है। जिला स्तर पर लगने वाले कृषि मेला, वन मेला सहित अन्य आयोजनों में इस समूह के स्टॉल को आमंत्रित किया जाने लगा है। इनके महुआ के कुकीज की डिमांड अब दिल्ली, भोपाल, हरदा, जबलपुर, सूरत, मुंबई, नागपुर सहित दर्जनों शहरों में होने लगी है। इससे समूह का व्यापार भी बढ़ रहा है।
महुए के फायदे:
जिला अस्पताल के आयुष अधिकारी डॉ. प्रवीण रघुवंशी के अनुसार, महुआ के फूल में आयरन, कैल्शियम, विटामिन सी जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। महुआ के फूल डायबिटीज के लक्षणों को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। महुए में कई चिकित्सीय गुण होते हैं, जो शरीर को अलग-अलग प्रकार के स्वास्थ्य लाभ देते हैं।
स्थानीय नेताओं ने भी की तारीफ:
जिले के महापौर विक्रम आहके और सांसद बंटी साहू ने भी इन महिलाओं की सफलता पर बधाई दी है।
जरा हट के…
प्रवीण काटकर
9424300567





