सड़कों की दुर्दशा और टूटी पाइपलाइनों से जनता परेशान, कंपनी पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
छिंदवाड़ा (लगी क्या) । शहर में निर्माण कार्यों की आड़ में लगातार लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ अब जनप्रतिनिधि भी सड़कों पर उतर आए हैं। गुलाबरा क्षेत्र के जागरूक युवा पार्षद संदीप सिंह चौहान ने कंपनी के घटिया कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पानी में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
गुलाबरा मैन रोड पर पिछले कई महीनों से चल रहे सीवर लाइन के कार्य में कंपनी की अनदेखी और धीमी गति से काम होने के चलते क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह खुदे गड्ढे छोड़ दिए गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। दोपहिया वाहन चालकों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सड़क पर चलना चुनौती बन गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन द्वारा सीवर और पाइपलाइन बिछाने के दौरान न सिर्फ सड़कों की हालत खराब की गई, बल्कि लोगों के घरों की निजी पाइपलाइनों और नगर निगम की पाइपलाइन को भी क्षति पहुंचाई गई है। कई स्थानों पर तो महीनों से सड़क की खुदाई के बाद उसे वैसे ही छोड़ दिया गया है, जिससे गंदगी और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
पार्षद संदीप सिंह चौहान ने कहा कि यदि जल्द ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार और समयसीमा का पालन नहीं किया गया, तो वे जनआंदोलन की राह अपनाएंगे। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से भी मांग की है कि कंपनी पर ठोस कार्रवाई करते हुए ठेका रद्द किया जाए।
जरा हट के…
प्रवीण काटकर
9424300567





