Home CITY NEWS चावल की खीर में चल रही थी इल्लियां, मध्यान भोजन बना बच्चों...

चावल की खीर में चल रही थी इल्लियां, मध्यान भोजन बना बच्चों की जान का दुश्मन

एक सप्ताह पहले स्कूल पहुंचा घुन लगा अनाज, चौरई के बगदरी गांव का मामला

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। चौरई विकासखंड के ग्राम बगदरी स्थित माध्यमिक स्कूल में मंगलवार को मध्यान्ह भोजन में इल्ली निकलने का मामला सामने आया। घटना के बाद छात्रों के परिजन आक्रोशित हो उठे और स्कूल पहुँचकर जमकर हंगामा किया। साथ ही, जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में सरस्वती स्वसहायता समूह द्वारा रोजाना मिड-डे मील उपलब्ध कराया जाता है। मंगलवार को बच्चों को पुड़ी और खीर परोसी गई थी। खाना खाते समय एक छात्र के निवाले में इल्ली दिखी। यह देखकर बच्चे भयभीत हो गए और तत्काल प्रधान पाठक को सूचना दी गई।

शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को खाना खाने से रोक दिया और मामले की जानकारी एमडीएम अधिकारियों तक पहुँचाई। वहीं, परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने सीधे तौर पर उन्हें सूचना नहीं दी। उन्हें इस घटना का पता घर लौटे छात्रों से चला। इस पर परिजन भड़क गए और स्कूल में पहुँचकर हंगामा किया।

एमडीएम प्रभारी सुधीर विश्वकर्मा ने बताया कि खाद्य सामग्री विभाग से एक सप्ताह पहले ही आई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्वालिटी मॉनिटर टीम मौके पर पहुँची और भोजन के नमूने लेकर जांच प्रारंभ कर दी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567