परासिया अधिवक्ता संघ ने लिया कठोर निर्णय
छिंदवाड़ा (लगी क्या) ।परासिया एवं आसपास के क्षेत्रों में जहरीले कोल्ड सिरप से 25 मासूम बच्चों की मौत के मामले ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में पुलिस ने सिरप निर्माता कंपनी के मालिक रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रंगनाथन को चेन्नई से गिरफ्तार कर छिंदवाड़ा लाया गया और बाद में परासिया न्यायालय में पेश किया गया। लेकिन अदालत में सुनवाई से पहले ही परासिया अधिवक्ता संघ ने बड़ा निर्णय लेते हुए घोषणा की है कि कोई भी वकील रंगनाथन की पैरवी नहीं करेगा।
अधिवक्ता संघ ने यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया है और इस बारे में सभी अधिवक्ताओं को लिखित एवं मौखिक रूप से सूचित भी किया गया है।
संघ का कहना है कि जब एक कंपनी की लापरवाही से मासूमों की जान गई है, तो ऐसे आरोपी की पैरवी करना नैतिक रूप से अस्वीकार्य है।
ज्ञात हो कि 2 सितंबर से परसिया क्षेत्र में बच्चों की मौत का सिलसिला जारी था। जांच में पाया गया कि बाजार में बिक रहा एक कोल्ड सिरप जहरीला साबित हुआ, जिसने अब तक लगभग 25 मासूमों की जिंदगी छीन ली।
पुलिस अब इस मामले में कंपनी के अन्य जिम्मेदार लोगों की भी भूमिका की जांच कर रही है। वहीं, अधिवक्ता संघ का यह निर्णय स्थानीय स्तर पर न्याय के प्रति संवेदनशीलता और जनभावना का प्रतीक माना जा रहा है।




