CM हेल्पलाइन “नस्तीबद्ध” करने का रेट तय—10 हजार में बिकती शिकायत
लोकायुक्त के जाल में फंसा BAC, रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
छिंदवाड़ा (लगी क्या)। जिस CM हेल्पलाइन को जनता की आवाज़ बताया जाता है, वही छिंदवाड़ा में भ्रष्टाचार का जरिया बनती नजर आई। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत जबलपुर लोकायुक्त ने शिक्षा विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
अमरवाड़ा विकासखंड में पदस्थ ब्लॉक एकेडमिक कोऑर्डिनेटर (BAC) सत्येंद्र जैन पर आरोप है कि उसने एक निजी स्कूल से जुड़ी CM हेल्पलाइन शिकायत को बंद कराने (नस्तीबद्ध करने) के बदले 10 हजार रुपये की मांग की थी।
लोकायुक्त को दी गई शिकायत में यूनिक पब्लिक स्कूल के संचालक ने खुलासा किया कि BAC द्वारा लगातार पैसों का दबाव बनाया जा रहा था। प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की रणनीति बनाई।
मंगलवार शाम चक्कर रोड स्थित ICH के पास जैसे ही आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम थामी, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर धर दबोचा। जांच के दौरान हाथ धुलाने पर गुलाबी रंग का उभरना रिश्वतखोरी का सबूत बना।
लोकायुक्त पुलिस के निरीक्षक जितेंद्र यादव बताया कि आरोपी BAC के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और कई अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।





