Home CITY NEWS कुंभकरणी नींद में खनिज अमला, रातों-रात कट रही पहाड़ियां !

कुंभकरणी नींद में खनिज अमला, रातों-रात कट रही पहाड़ियां !

लिंगा सर्कल के पास सड़क किनारे डंप हुआ मुरम, विभाग की ‘सेवा’ ने मूंदी आंखें

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। जिले में खनिज माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि रात के अंधेरे में पूरी की पूरी पहाड़ियों को छलनी कर दिया जा रहा है, और जिम्मेदार अधिकारी कुंभकरणी नींद में सोए हुए हैं। ताजा मामला सोमवार की रात का है, जहां बीती रात बड़गोना डेम के पास पहाड़ी को काटकर बड़ी मात्रा में मुरम का अवैध उत्खनन किया गया और सुबह होते-होते लिंगा सर्कल के पास सड़क किनारे मुरम डंप कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, भारी मशीनों की गर्जना पूरी रात गूंजती रही, लेकिन खनिज विभाग की टीम को भनक तक नहीं लगी, या फिर लगी भी तो अनदेखी कर दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना मिलीभगत के इतनी बड़ी कार्रवाई संभव नहीं है। सवाल यह है कि जब पहाड़ियां काटी जा रही थीं, तब विभागीय गश्त कहां थी ?
मुरम से भरे डंपर खुलेआम मुख्य मार्गों से गुजरते रहे और किसी ने रोकने की जहमत तक नहीं उठाई। लिंगा बायपास के पास सड़क किनारे डंप किया गया माल इस बात का सबूत है कि खनिज माफिया को प्रशासन का कोई डर नहीं रह गया है।
जानकारों की मानें तो अवैध उत्खनन से शासन को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसके बावजूद कार्रवाई के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति होती है।

जिलेवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि प्राकृतिक संपदा की खुलेआम लूट पर लगाम लग सके।

निहाल और आशीष की जोड़ी कर रही कमाल ! –
सूत्रों की माने तो खनिज माफिया के नाम से कम समय में चर्चित होने वाले निहाल और आशीष की जोड़ी लगातार कमाल करती चली आ रही है। जहां रात के अंधेरे में रेत की तस्करी से लेकर पहाड़ी की खुदाई और परिवहन तक का काम इन दोनों की जोड़ी लगातार कर रही है। इस मामले में भी सूत्रों का दावा है कि इन दोनों के द्वारा ही यह मुरम डाली गई है।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567