Home CITY NEWS सरगना कौन – विकास, विनेश या … ?

सरगना कौन – विकास, विनेश या … ?

पट्टा दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 लहगडुआ में सरकारी पहाड़ी को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ भू-माफियाओं ने जरूरतमंद लोगों को पट्टा दिलाने का झांसा देकर पहाड़ी की सरकारी जमीन में प्लॉट काटकर लाखों रुपए में बेच दिए। सरकारी जमीन पर इस तरह खुलेआम सौदेबाजी से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
पीड़ित लोगों का आरोप है कि पट्टा दिलाने के नाम पर उनसे मोटी रकम ली गई और सरकारी पहाड़ी पर प्लॉट दिखाकर सौदा कर दिया गया। बताया जा रहा है कि एक-दो नहीं बल्कि सैकड़ों लोगों  से अधिक हितग्राही इस पूरे मामले में ठगी का शिकार हुए हैं।
इस पूरे खेल में नगर निगम के वार्ड मोहर्रिर और पटवारी पर भी मिलीभगत के गंभीर आरोप लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिना सरकारी कर्मचारियों की जानकारी और संरक्षण के सरकारी पहाड़ी पर प्लॉट काटना और उसे बेचना संभव ही नहीं है।
मामले के सामने आने के बाद अब बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि इस पूरे खेल का असली सरगना कौन है – विकास, विनेश या संतोष ? फिलहाल प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। सरकारी जमीन के इस खेल में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

सरगना को बचाने में क्यों जुटा प्रशासन ?

सरकारी पहाड़ी बेचने के इस पूरे मामले में पिछले कई दिनों से जांच की बात तो की जा रही है, लेकिन अब तक प्रशासन के अधिकारियों ने यह तक पता लगाने की गंभीर कोशिश नहीं की कि इस खेल का असली मास्टरमाइंड कौन है। पड़ताल में लगातार विकास, विनेश,  संतोष सहित एक महिला का  नाम सरगना के रूप में सामने आ रहे हैं।
इसके बावजूद प्रशासनिक अमला अब तक चुप्पी साधे हुए है। न तो किसी पर सख्त कार्रवाई हुई और न ही किसी को जिम्मेदार ठहराया गया। ऐसे में बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर प्रशासन सरगना तक पहुंचने से क्यों बच रहा है?
क्या इस पूरे खेल में किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण है या फिर जानबूझकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन की यह खामोशी अब कई तरह के सवाल खड़े कर रही है।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567