स्कूली छात्राओं पर ‘स्नो स्प्रे’ डालकर की छेड़छाड़, महिलाओं ने बीच सड़क सिखाया सबक
छिंदवाड़ा (लगी क्या)। सांवरी चौकी क्षेत्र में छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले एक दूल्हे समेत चार युवकों की गांव की महिलाओं ने चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। यह घटना उस समय हुई जब स्कूल की छात्राएं शनिवार की शाम को छुट्टी के बाद पैदल अपने गांव पौंनार लौट रही थीं।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन में सवार चार युवक रास्ते में पहुंचे और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करते हुए, ‘स्नो स्प्रे’ डालकर अशोभनीय हरकतें करने लगे। छात्राओं के शोर मचाने पर आसपास की महिलाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और बिना देर किए चारों युवकों की चप्पलों से धुनाई कर दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं युवकों को घेरकर पीटती नजर आ रही हैं।
घटना की सूचना पर सांवरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और उमरेठ थाना क्षेत्र में रहने वाले चारों युवकों को हिरासत में ले लिया गया। साथ ही बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
चौकी प्रभारी मुकेश द्विवेदी ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले युवकों में एक युवक का विवाह कुछ दिनों बाद ही होने वाला है । घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर छात्राओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
जरा हट के…
प्रवीण काटकर
9424300567





