Home CITY NEWS ट्रांसफर बचाने भोपाल में बिछाई बिसात !

ट्रांसफर बचाने भोपाल में बिछाई बिसात !

कुर्सी बचाने ‘साहब’ ने लगाया 5 लाख का दांव, विभाग में खुली बोली की चर्चा

छिंदवाड़ा (लगी क्या)। जिले में वर्षों से जमे एक विवादित विभागीय अधिकारी का ट्रांसफर जैसे ही तय माना जाने लगा, वैसे ही उन्होंने अपनी कुर्सी बचाने के लिए पूरा तंत्र सक्रिय कर दिया। विभागीय गलियारों में चर्चा है कि साहब ने ट्रांसफर रुकवाने के लिए भोपाल में तिकड़मों का ऐसा जाल बिछाया कि अब पूरे विभाग में “5 लाख के चढ़ावे” की फुसफुसाहट खुलेआम होने लगी है।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रांसफर सूची में नाम आने की भनक लगते ही साहब तत्काल भोपाल रवाना हो गए। आधिकारिक तौर पर इसे विभागीय दौरा बताया गया, लेकिन अंदरखाने की कहानी कुछ और ही बयान कर रही है। चर्चा है कि मंत्रालय स्तर पर सेटिंग साधने के लिए मोटी रकम खर्च की गई, ताकि या तो तबादला रुक जाए या फिर पसंद के नजदीकी जिले में पोस्टिंग मिल जाए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसा कौन सा “मोह” है, जो साहब को छिंदवाड़ा छोड़ने नहीं दे रहा ? विभाग में लंबे समय से जमे इस अधिकारी पर पहले भी कई गंभीर शिकायतें लग चुकी हैं, लेकिन हर बार वे बच निकलने में सफल रहे। यही वजह है कि अब कर्मचारी भी खुलकर कहने लगे हैं कि बिना राजनीतिक संरक्षण के इतनी मजबूत पकड़ संभव नहीं।
विभागीय कर्मचारियों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि साहब ने अपने पुराने संपर्कों को सक्रिय करते हुए ट्रांसफर प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश शुरू कर दी है। यही कारण है कि ट्रांसफर सूची जारी होने से पहले ही विभाग में सौदेबाजी और सेटिंग की चर्चाएं आग की तरह फैल रही हैं।

जरा हट के…

प्रवीण काटकर

9424300567